जयपुर में आप का गारंटी कार्ड, 200 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

जयपुर में आप का गारंटी कार्ड, 200 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

आम आदमी पार्टी  ने राजस्थान में विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सोमवार को जयपुर में टाउन हॉल कार्यक्रम के दौरान गारंटी कार्ड लॉन्च किया। प्रताप नगर स्थित निर्मला ऑडिटोरियम में टाउन हॉल कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होना था। केजरीवाल और भगवंत मान दोपहर करीब 3.15 बजे पहुंचे।

AAP के प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा- टाउन हॉल कार्यक्रम के जरिए अरविंद केजरीवाल राजस्थान की जनता से सीधे तौर पर सरोकार रखने वाली गारंटियां देंगे। आम आदमी के जीवन से जुड़ी शिक्षा, चिकित्सा, किसान, बिजली, पानी, भ्रष्टाचार से छुटकारा जैसे मुद्दे जनता की सबसे बड़ी जरूरत हैं। इन्हीं पर गारंटियां दी जाएंगी। दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर अब राजस्थान की जनता के बीच अरविंद केजरीवाल अपने विजन को रखेंगे। केजरीवाल जनता को ऐसी गारंटियां देंगे जो राजस्थान के लोगों के जीवन में एक सकारात्मक बदलाव लाने में अहम किरदार निभाएंगी।

अरविंद केजरीवाल जिस गारंटी कार्ड को लॉन्च करने जा रहे हैं, वह जनता से चुनावी वादे होंगे। यह चुनावी घोषणा पत्र की तरह होगा। आप इससे पहले एमपी और छत्तीसगढ़ चुनावों में गारंटी कार्ड जारी कर चुकी है। केजरीवाल घोषणा पत्र के मामले में कांग्रेस और भाजपा से बढ़त लेना चाहते हैं।

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा- हम राजस्थान को दिल्ली-पंजाब की तर्ज पर भ्रष्टाचार मुक्त करेंगे। अस्थायी कर्मचारियों को हम परमानेंट करेंगे। पंजाब में सत्ता में आए तो बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारी थे। कहते थे कच्चे कर्मचारी हैं। हमने कहा कि अब तो कच्चे घरों का ही जमाना गया, नौकरी कैसे कच्ची। हम कर्मचारियों को परमानेंट कर रहे हैं। हम राजस्थान में कर्मचारियों को परमानेंट करेंगे।

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा- हम जुमले वाले नहीं हैं। हम वही गारंटी देते हैं, जो पूरी कर सकते हैं। नीयत साफ हो तो सब पूरा हो जाता है। हमने पंजाब में फ्री बिजली करने का वादा किया था। हमसे पूछा कि फ्री बिजली कैसे दोगे। हमें पता था कि जो हम पर सवाल उठा रहे हैं पैसा तो वहीं से आना है। हमने भ्रष्टाचारियों को पकड़ना शुरू किया तो नोट गिनने की मशीनें मंगानी पड़ी। पैसा तो वहीं रुका था।

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा- राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां के सरकारी दफ्तरों में आम आदमी के जूते घिस जाते हैं, लेकिन उनका काम नहीं होता। अरविंद केजरीवाल ही हैं, जिन्होंने जो कहा वह कर दिखाया है। करप्शन के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने ठोस काम किया। पंजाब सीएम भगवंत मान ने करप्शन के आरोप में अपने ही स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त कर दिया।

AAP ने इस साल की शुरुआत से ही चुनावी तैयारियों का आगाज कर दिया था। करीब छह महीने पहले ही जयपुर में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने रोड शो किया था। पार्टी ने सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर रखी है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों पर पार्टी का खास फोकस है।